वर्दी का रौब या नियमों की धज्जियां? जबलपुर में बिना हेलमेट तीन पुलिसकर्मी एक ही स्कूटी पर सवार



जनता पर सख्ती, खुद पर नरमी! वायरल वीडियो ने खड़े किए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल


जबलपुर। संस्कारधानी में कानून के रखवालों की एक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैऔर यह तस्वीर सवालों से भरी है। बताया जा रहा है कि मामला शहर के सिविल लाइन इलाके का है, जहां एक एक्टिवा स्कूटी पर तीन पुलिसकर्मी खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि स्कूटी को एक पुरुष पुलिसकर्मी चला रहा है, जबकि पीछे दो महिला पुलिसकर्मी सवार हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना है। स्कूटी पर पुलिस का स्टीकर लगा हुआ है और नंबर MP20 SP 6669 बताया जा रहा है।
 दोहरा मापदंड या लापरवाही?

एक ओर जबलपुर पुलिस शहरभर में हेलमेट चेकिंग अभियान चलाकर आम जनता से नियमों के पालन की अपील कर रही है, वहीं दूसरी ओर खुद पुलिसकर्मी ही नियमों को ताक पर रखते नजर आ रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल खड़ा होता है—
 क्या कानून सिर्फ आम लोगों के लिए है?
 क्या वर्दी पहनते ही नियमों से छूट मिल जाती है?
 सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। यूजर्स पुलिस विभाग पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि अगर आम आदमी ऐसा करता तो तुरंत चालान कटता, लेकिन यहां खामोशी क्यों?
 सवालों के घेरे में सिस्टम



यह घटना न सिर्फ ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को दर्शाती है, बल्कि सिस्टम की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करती है। जब नियम लागू कराने वाले ही नियम तोड़ते दिखें, तो आम जनता में कानून के प्रति सम्मान कैसे बना रहेगा?

Post a Comment

Previous Post Next Post