जबलपुर में कानून के साए में हमला: एडीजे के चालक पर चाकू से वार, इलाके में दहशत



जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब न्यायालय से 
जुड़े लोगों पर भी खुलेआम जानलेवा हमले किए जा रहे हैं। ताजा मामला प्रेमसागर पुलिस चौकी के पास का है, जहां अतिरिक्त जिला जज (सेशन कोर्ट नंबर 33) के चालक पर तीन आरोपियों ने मिलकर चाकू से हमला कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनुमानताल निवासी रत्नेश बेन, जो एडीजे कोर्ट नंबर 33 में वाहन चालक के पद पर कार्यरत हैं, बुधवार रात करीब 9:15 बजे अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान क्षेत्र के ही आरोपी काले नन्हेट, राकेश नन्हेट और शेरू नन्हेट मौके पर पहुंचे और अचानक रत्नेश को घेर लिया।

बताया जा रहा है कि हमले के दौरान राकेश नन्हेट ने पीछे से रत्नेश को कसकर पकड़ लिया, जिससे वह खुद को बचा नहीं सके। इसी बीच काले नन्हेट ने चाकू से रत्नेश के बाएं पैर की जांघ पर पीछे की ओर गहरा वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि मौके पर ही तेज रक्तस्राव शुरू हो गया।

घटना के दौरान शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले रोहित बेन और उदित वंशकार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी कुछ पीछे हटे। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद भी बदमाश मौके से तुरंत फरार नहीं हुए, बल्कि घायल को सरेआम धमकाते रहे। जाते-जाते आरोपियों ने रत्नेश को चेतावनी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की तो जान से मार देंगे।

घायल रत्नेश ने हिम्मत दिखाते हुए सीधे हनुमानताल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। सवाल उठ रहे हैं कि जब न्यायिक व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा? पुलिस की सक्रियता और क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post