दिनदहाड़े फायरिंग से दहला जबलपुर, बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोलियों से भूना



जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव शक्ति चौराहे के सामने गुरुवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बेखौफ बदमाशों ने सरेआम एक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 35 वर्षीय युवक पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया। बदमाशों ने युवक पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें गोली उसके सिर और हाथ में जा लगी। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर ही गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से बाइक पर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल मेडिकल अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post