जबलपुर।जबलपुर सायबर पुलिस ने ऑपरेशन F.A.C.E. के तहत फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राज्य सायबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह के निर्देशन में सायबर टीम ने त्वरित कदम उठाए।
उप पुलिस अधीक्षक सायबर अंजुल अयंक मिश्रा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर FACE 01 को चिन्हित करते हुए थाना अपराध में मामला दर्ज किया। प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 34, आईटी एक्ट की धारा 66C और दूरसंचार अधिनियम 2023 की धारा 42(3)(6) के तहत अपराध कायम किया गया।
सिवनी से आरोपी गिरफ्तार, 63 फर्जी सिम जब्त
सायबर पुलिस ने ग्राम बम्होडी मेहता, जिला सिवनी निवासी अंबेश झारिया को 1 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने वर्ष 2019 में पैसों के लालच में अपने साथी के साथ मिलकर विभिन्न आधार कार्डों पर अपनी फोटो लगाकर 63 सिम कार्ड फर्जी तरीके से एक्टिवेट कराए थे। बरामद सिम कार्ड में 16 वीआई (VI) और 47 एयरटेल (Airtel) कंपनी के सिम शामिल हैं।
टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में सायबर सेल के निरीक्षक अनूप नामदेव, निरीक्षक भूपेंद्र आर्मो, उप निरीक्षक नीरज नेगी, आशुतोष मिश्रा और कपिल शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। क्राइम ब्रांच और सायबर टीम के संयुक्त प्रयास से इस गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका।
पुलिस की आमजन से अपील
जबलपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच में आकर अपना आधार कार्ड, फोटो या अन्य दस्तावेज किसी को न दें। बिना सत्यापन के किसी को सिम कार्ड उपलब्ध कराना गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है और इससे साइबर अपराधों को बढ़ावा मिल सकता है।
