पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, पति की बेरहमी से हत्या… शव के किए टुकड़े, गांव में उबाल



मंदसौर (मध्य प्रदेश)। प्रदेश के मंदसौर जिले की भानपुरा तहसील अंतर्गत ग्राम दूधाखेड़ी से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैला दिया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतरवा दिया। इस जघन्य वारदात के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने गरोठ-भानपुरा मार्ग पर दूधाखेड़ी गेट पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण आरोपियों के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दूधाखेड़ी निवासी 34 वर्षीय धनराज पुत्र बाबूनाथ 10 अप्रैल से लापता था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें मामला हत्या का निकला। पुलिस ने मृतक के शव के अवशेष जब्त कर भानपुरा के शासकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं।

इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी पंकज पुत्र रमेश चौधरी (उम्र 40 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी धापू बाई और आरोपी पंकज के बीच अवैध संबंध थे। जब इस संबंध की जानकारी धनराज को हुई तो पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने लगे। इसी विवाद ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल की रात आरोपियों ने धनराज की हत्या कर दी। इसके बाद शव को जलाने की कोशिश की गई, लेकिन पूरी तरह सफल नहीं हो सके। सबूत मिटाने के लिए आरोपी पंकज ने खेत में काम करने के बहाने जेसीबी मंगवाई, गड्ढा खुदवाया और शव के कई टुकड़े कर उसे दफना दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है। वहीं, इस निर्मम हत्या से गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post