हमसफर एक्सप्रेस में चोरी करने वाला अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार, 2.58 लाख के जेवरात बरामद



जबलपुर। रेल पुलिस (GRP) जबलपुर ने ट्रेनों में चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से करीब 10-11 माह पहले हमसफर एक्सप्रेस से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 2 लाख 58 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी की कई वारदातों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ स्थाई वारंट भी जारी था।

संदिग्ध हालत में प्लेटफॉर्म से पकड़ा गया
पुलिस अधीक्षक (रेल) सिमाला प्रसाद के निर्देशन में गर्मियों की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान रविवार (3 मई 2026) को जीआरपी टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 6 के आउटर (इटारसी छोर) पर एक संदिग्ध युवक को घूमते हुए देखा। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी की पहचान विवेक वैध (36 वर्ष), निवासी जालपा वार्ड, कटनी के रूप में हुई है।

हमसफर एक्सप्रेस में की थी चोरी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब 10-11 महीने पहले हमसफर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 09066) के स्लीपर कोच से एक यात्री का पिट्टू बैग चोरी किया था। बैग में सोने-चांदी के जेवरात, दो मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज रखे थे।

आरोपी चोरी किए गए जेवरात बेचने के लिए जबलपुर आया था, लेकिन ग्राहक नहीं मिलने पर वह वापस कटनी भागने की तैयारी में था। इसी दौरान जीआरपी ने उसे धर दबोचा।

Post a Comment

Previous Post Next Post