ओवरटेक के चक्कर में पलटी यात्री बस: 40 घायल, 6 की हालत गंभीर



जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर मिडवे ढाबा के पास मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिहोरा से जबलपुर आ रही अंशिका ट्रेवल्स की बस (एमपी 20 पीए 9849) गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार सभी 40 यात्री घायल हो गए।

घायलों में 21 को सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र और 19 को गोसलपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 6 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री की मौत की सूचना नहीं है।

ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
सीएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली (एमपी 20 ए 0372) गेहूं लेकर जबलपुर की कृषि उपज मंडी जा रही थी। इसी दौरान कटनी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन चालक संतुलन खो बैठा और बस सीधे ट्रॉली से टकराकर पलट गई।

चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम तेज किया गया।

15 एम्बुलेंस से पहुंचाए गए घायल
घटना के बाद करीब 15 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं, जिनकी मदद से घायलों को सिहोरा, गोसलपुर और जबलपुर के शासकीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

तेज रफ्तार और लापरवाही बनी वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना सामने आया है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post