जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के ग्वारीघाट थाने में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले पुलिस विभाग के भीतर ही मर्यादाएं तार-तार होती नजर आईं। थाने में नियमित गणना के दौरान एक आरक्षक ने थाना प्रभारी (TI) के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि विवाद इतना बढ़ गया कि उसने टीआई की कॉलर तक पकड़ ली। घटना के बाद पूरे थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गणना के दौरान भड़का आरक्षक
जानकारी के अनुसार, ग्वारीघाट थाना प्रभारी हरिकिशन आटनेरे थाने में पुलिसकर्मियों की नियमित गणना ले रहे थे। इसी दौरान वे कर्मचारियों को कार्य संबंधी दिशा-निर्देश दे रहे थे। जब उन्होंने आरक्षक अजय लोधी को उसके कार्य को लेकर टोका और सुधार के निर्देश दिए, तो वह अचानक भड़क उठा।
थाने के भीतर मचा बवाल
बताया जा रहा है कि टीआई द्वारा अनुशासन में रहने की समझाइश देने पर आरक्षक अजय लोधी ने आपा खो दिया। उसने गाली-गलौज करते हुए टीआई की कॉलर पकड़ ली। इस अप्रत्याशित घटना से वहां मौजूद उप-निरीक्षक (SI) और अन्य पुलिसकर्मी स्तब्ध रह गए। स्थिति को बिगड़ता देख स्टाफ ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरक्षक को अलग किया, लेकिन वह लगातार अभद्रता करता रहा।
एसपी ने दिखाई सख्ती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से आरक्षक अजय लोधी को लाइन अटैच कर दिया और पूरे मामले की जांच के आदेश जारी किए।
पुलिस विभाग के भीतर ही वरिष्ठ अधिकारी के साथ हुई इस तरह की बदसलूकी ने महकमे में हलचल मचा दी है। पूरे घटनाक्रम को लेकर दिनभर चर्चाओं का दौर जारी रहा, वहीं अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।
