शराब के लिए 500 रुपए न देने पर छात्र पर हमला, लोहे के पंच से घायल कर फरार हुआ आरोपी



जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आगा चौक इलाके में दबंगई और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। यहां घर का सामान लेने निकले एक कॉलेज छात्र से शराब के लिए रुपए मांगने पर विवाद हो गया। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी और लोहे के पंच से हमला कर उसे घायल कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आगा चौक निवासी 18 वर्षीय अनुराग जायसवाल, जो बी.कॉम तृतीय वर्ष का छात्र है, रविवार को गली नंबर 02 में सामान लेने गया था। जब वह सामान लेकर वापस लौट रहा था, तभी मोड़ पर भोलू उर्फ समीर केवट ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने उससे शराब पीने के लिए 500 रुपए की मांग की।

जब छात्र ने रुपए देने से इनकार किया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आया। उसने अनुराग को लात-घूंसों से पीटा और फिर अपने हाथ में पहने लोहे के पंच से उसके चेहरे पर वार कर दिया। इस हमले में छात्र की बाईं आंख के ऊपर और कान के पीछे गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घायल छात्र ने परिजनों के साथ लार्डगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी भोलू उर्फ समीर केवट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296A, 115(2), 119 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post