नर्मदा में नहाने गया युवक बना काल का शिकार, दाद्दाजी घाट से मिला शव



जबलपुर। तिलवाराघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत दाद्दाजी घाट पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां दोस्तों के साथ नर्मदा नदी में नहाने गया 18 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया था। सोमवार सुबह रेस्क्यू टीम ने उसका शव बरामद कर लिया।

तेज बहाव में बिगड़ा संतुलन, गहरे पानी में समाया युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भानतलैया टेढ़ी नीम क्षेत्र निवासी लकी अंसारी (18) अपने दोस्तों के साथ दाद्दाजी घाट घूमने और नहाने गया था। नहाते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में चला गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद दोस्तों ने तत्काल शोर मचाते हुए तिलवाराघाट पुलिस को सूचना दी।

रातभर चला रेस्क्यू, सुबह मिला शव
सूचना मिलते ही तिलवाराघाट पुलिस, होमगार्ड और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि रात में अंधेरा और तेज बहाव के चलते सफलता नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसके बाद युवक का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद किया गया।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और घटना के समय मौजूद साथियों के बयान दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post