पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, धारदार हथियार और लाठियां चलीं, गांव में तनाव

 


जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राखी वरवटा में पुरानी रंजिश ने शनिवार रात हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर मारपीट, धारदार हथियारों से हमला और लाठी चलने की घटना सामने आई है। संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

पुलिस के अनुसार हर्षवर्धन पटेल के परिवार और अमित पटेल के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। बीती रात करीब 9 बजे यह रंजिश फिर भड़क उठी।

एक पक्ष का आरोप है कि अमित पटेल घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर जब हर्षवर्धन पटेल बाहर आया और विरोध किया, तो अमित ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे हर्षवर्धन के पिता अश्वनी पटेल और चाचा विभाष पटेल के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

वहीं दूसरे पक्ष के अमित पटेल ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर था, तभी बड़े पिता जगदीश पटेल का फोन आया, जिसमें जमीन से नाली निकालने को लेकर विवाद की बात हुई। इसी दौरान हर्षवर्धन पटेल वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर हर्षवर्धन ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। अमित का आरोप है कि अश्वनी और विभाष पटेल ने भी लाठियों से हमला किया।

दोनों पक्षों के बीच हुए इस खूनी संघर्ष में हर्षवर्धन और अमित सहित अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कराया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post