राजधानी एक्सप्रेस में आग, राहत वैन भी हादसे का शिकार

 


रतलाम के पास मची अफरा-तफरी, 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। हादसा आलोट के पास लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। आग लगने के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12431) तड़के 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी और इसका अगला स्टॉप कोटा जंक्शन था। लेकिन राजस्थान में प्रवेश से पहले एसी कोच बी-1 में अचानक आग भड़क उठी। कोच में करीब 68 यात्री सवार थे। रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया।

बताया जा रहा है कि आग ने कुछ ही देर में बी-1 कोच के पीछे लगे सेकंड लगेज कम गार्ड वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात रोक दिया गया। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन का बिजली कनेक्शन काटकर प्रभावित दोनों कोचों को अलग किया गया। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

इधर, हादसे के बाद राहत कार्य के लिए रवाना हुई रेलवे के सीएंडडबल्यू (कैरेज एंड वैगन) विभाग की यातायात वैन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शामगढ़-सुवासरा के बीच वैन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में 5 से अधिक रेलवे कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से कोटा रेफर किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए नागदा, उज्जैन और रतलाम स्टेशन पर हेल्प डेस्क शुरू किए गए हैं।

घटना के बाद प्रभावित रेलखंड पर सिंगल लाइन वर्किंग शुरू कर दी गई है। फिलहाल अप लाइन से दोनों दिशाओं की ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है। रेलवे की तकनीकी और राहत टीमें मौके पर ट्रैक और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं, ताकि जल्द से जल्द रेल यातायात सामान्य किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post