गाड़ी चलाने का शौक बना चोरी की वजह, रांझी पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा



चोरी की दोनों एक्टिवा सुंदरवन के खंडहर से बरामद

जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र में लगातार हुई दो वाहन चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए 14 वर्षीय दो विधि विवादित बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दोनों एक्टिवा भी बरामद कर ली हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों नाबालिगों ने सिर्फ गाड़ी चलाने का शौक पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार पहली शिकायत बड़ा पत्थर दुर्गा मंदिर के पास रहने वाले प्रमोद गुप्ता ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 12 मई 2026 की रात उनकी पत्नी खालसा स्कूल के पास खाना बनाने गई थीं। वापस लौटने पर उनकी एक्टिवा क्रमांक MP 20 SS 1609 वहां से गायब मिली।

वहीं दूसरी घटना में बड़ा पत्थर स्थित जेडीए कॉलोनी निवासी अमर विश्वास ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि घर के सामने खड़ी उनकी एक्टिवा क्रमांक MP 20 SF 5703 अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।

दोनों मामलों की जांच के दौरान रांझी पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर पुलिस ने दो नाबालिगों को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

बालकों ने पुलिस को बताया कि उन्हें गाड़ी चलाने का बहुत शौक था, लेकिन घर में वाहन नहीं होने के कारण उन्होंने पुरानी चाबी की मदद से एक्टिवा के लॉक खोले और चोरी कर ली। इसके बाद दोनों चोरी की गई गाड़ियों से शहर में घूमते रहे। पेट्रोल खत्म होने पर दोनों एक्टिवा को सुंदरवन स्थित खंडहर के पास खड़ा कर दिया।

पुलिस ने दोनों विधि विवादित बालकों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों एक्टिवा बरामद कर ली हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post