जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बापूनगर खेरमाई मंदिर के पास जंगल में एक अज्ञात युवक का शव मिला। सुनसान इलाके में पेड़ के नीचे शव पड़े होने की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों और इलाकों में पूछताछ कर युवक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत करीब 10 से 12 घंटे पहले हुई है। मौके पर पहुंचे सीएसपी रांझी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मामले को संदिग्ध इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि मृतक की पीठ पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में पुलिस हत्या समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवक की पहचान और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
