समता कॉलोनी में खूनी रात: पुरानी रंजिश में युवक को चाकुओं से गोदा, सड़क पर बहा खून, इलाके में दहशत


जबलपुर। शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसका एक और खौफनाक उदाहरण गोहलपुर थाना क्षेत्र की समता कॉलोनी में देखने मिला, जहां देर रात पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। बीच सड़क बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकूओं से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात इतनी सनसनीखेज थी कि चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

मृतक की पहचान समता कॉलोनी निवासी भावेश वीरानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भावेश का कुछ युवकों से पुराना विवाद चल रहा था और उसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने उसे घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने भावेश पर चाकू और नुकीले हथियारों से कई वार किए, जिससे वह सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी रितेश पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश हत्या की वजह सामने आ रही है। मामले में आरोपी अरुण, आयुष और शिव चौधरी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

इधर, इस हत्याकांड के बाद समता कॉलोनी और आसपास के इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि बदमाश खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस का डर अपराधियों में खत्म होता जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post