खुले में बन रही थी चाट, घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध इस्तेमाल का भी खुलासा
जबलपुर। खाद्य विभाग की टीम ने महात्मा गांधी वार्ड अंतर्गत दीक्षितपुरा इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाकुर चाट भंडार के कारखाने पर औचक निरीक्षण किया। लगातार मिल रही जनशिकायतों के बाद खाद्य अधिकारी देवेंद्र दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां स्वच्छता मानकों की जमकर अनदेखी सामने आई।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कारखाने में बेहद अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। खुले स्थान पर चाट और अन्य खाद्य पदार्थ बनाए जा रहे थे, जिससे आसपास के क्षेत्र में गंदगी और बदबू फैल रही थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस स्थिति से मोहल्ले में रहना मुश्किल हो गया था और कई बार प्रशासन से शिकायत भी की गई थी।
जानकारी के मुताबिक पूर्व में राम मंदिर के एक भूखंड पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन द्वारा हटाया गया था। इसके बाद संबंधित संचालक ने खुले स्थान पर ही खाद्य सामग्री तैयार करना शुरू कर दिया था, जिसका स्थानीय रहवासियों ने लगातार विरोध किया।
कार्रवाई के दौरान एक और गंभीर अनियमितता सामने आई। टीम ने पाया कि व्यावसायिक उपयोग के लिए घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है। अधिकारियों ने मौके पर सभी तथ्यों का दस्तावेजीकरण किया और संबंधित विभागों को विस्तृत रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि खाद्य सुरक्षा और आम लोगों के स्वास्थ्य से किसी तरह का खिलवाड़ न हो सके।
