जबलपुर। शहर में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के शाही नाका गढ़ा इलाके में दिनदहाड़े एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। सरेराह हुए इस खूनी हमले से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घायल युवक को गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान आयुष साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका रोहन पटेल और आयुष श्रीपाल नामक युवकों से रुपयों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश ने मंगलवार दोपहर खूनी मोड़ ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे आयुष साहू शाहीनाका से संजीवनी नगर की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में रोहन पटेल और आयुष श्रीपाल ने उसे रोक लिया। पहले दोनों पक्षों में पैसों के विवाद को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही पलों में विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज के बीच दोनों आरोपियों ने चाकू निकाल लिए।
इसके बाद बीच सड़क पर आयुष पर ताबड़तोड़ वार किए गए। अचानक हुए हमले से आयुष खुद को संभाल भी नहीं पाया और खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। हमले का मंजर इतना भयावह था कि राह चलते लोग सहम गए, वहीं आसपास के रहवासी घरों से बाहर निकल आए। इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल आयुष को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। संजीवनी नगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
इस वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाके में खुलेआम चाकू से हत्या की घटना ने लोगों के मन में भय पैदा कर दिया है।
