जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के आजाद नगर गोकलपुर में देर रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बबिता अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 बजे की है। घायल ओमप्रकाश अहिरवार ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग अनिल यादव के घर की ओर झगड़ा करने के बाद उनके घर पहुंचे और दरवाजे पर लात मारने लगे। दरवाजा खोलते ही आरोपी लड्डू, आकाश, टकला और छोटू अन्ना जबरन घर में घुस आए।
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए ओमप्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान जब उनकी पत्नी बबिता अहिरवार बीच-बचाव करने आईं, तो एक आरोपी ने पत्थर उठाकर उनके सिर पर पटक दिया। गंभीर चोट लगते ही बबिता बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देख हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल बबिता को पहले रांझी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
.jpg)