भोपाल। मध्यप्रदेश में शुक्रवार को दिनभर भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल रखा, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। कटनी में तेज हवाओं के साथ ओले गिरे, जबकि उमरिया में आंधी और बारिश ने खरीदी केंद्रों पर रखे गेहूं को भिगो दिया। डिंडौरी के मेहदवानी और शहपुरा क्षेत्र में भी तेज तूफान और बारिश हुई, जिससे तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं जबलपुर में शाम होते-होते आसमान पर बादलों का डेरा जम गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए सागर और दमोह जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, कटनी, शहडोल, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, विदिशा, रायसेन और पन्ना जिलों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में गर्मी का असर शुक्रवार को भी चरम पर रहा। खंडवा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शाजापुर में 44.6 डिग्री, खरगोन में 44.2 डिग्री और रतलाम व नौगांव में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। पांच बड़े शहरों में भोपाल का तापमान 42.8 डिग्री, इंदौर 41.8 डिग्री, ग्वालियर 40.9 डिग्री, उज्जैन 42.5 डिग्री और जबलपुर 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में रहा। शाजापुर और छतरपुर के नौगांव में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। खरगोन में 44.6 डिग्री, खंडवा और रतलाम में 44.5 डिग्री, खजुराहो में 44.3 डिग्री तथा रायसेन और दमोह में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में 43.4 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, इंदौर में 43 डिग्री और ग्वालियर में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बदला-बदला रह सकता है। कहीं तेज गर्मी तो कहीं आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
.jpg)