रेलवे ट्रैक पर बैठकर रोकी इंटरसिटी ट्रेन, पुलिस ने हटाकर कराया रवाना
जबलपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने सोमवार को जबलपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आधारताल रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर उतरकर रानी कमलापति (भोपाल) जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन को रोक दिया। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हटाकर ट्रेन को रवाना कराया।
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है।
“छात्रों की मेहनत पर फिरा पानी”
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा कि नीट परीक्षा में करीब 22 लाख 80 हजार छात्रों ने हिस्सा लिया था। विद्यार्थियों ने दिन-रात मेहनत कर परीक्षा दी, लेकिन पेपर लीक ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
उन्होंने कहा कि इसी परीक्षा के माध्यम से छात्र डॉक्टर बनकर देश और समाज की सेवा करते, लेकिन सरकार की लापरवाही और संवेदनहीनता के कारण युवाओं का भविष्य लगातार खतरे में पड़ रहा है।
काफी देर तक रुकी रही इंटरसिटी ट्रेन
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर डटे रहे, जिससे इंटरसिटी ट्रेन प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर आरपीएफ टीआई राजीव खरब पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों को ट्रैक से हटाया और ट्रेन को रवाना कराया।
