Jabalpur News: सेंट मैरी स्कूल में धर्मांतरण के आरोप पर हंगामा, बजरंग दल का प्रदर्शन; संचालक पर मामला दर्ज

 



जबलपुर। शहर के सुहागी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित सेंट मैरी स्कूल में रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जब स्कूल परिसर में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर धर्मांतरण के आरोप सामने आए। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा की आड़ में हिंदू समाज के लोगों का धर्मांतरण कराया जा रहा है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

बजरंग दल के पदाधिकारियों अजय चौरसिया, कुमार राठौड़ एवं कोमल सिंह लोधी ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि स्कूल परिसर में लंबे समय से धर्मांतरण संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, अधारताल थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ महिलाओं द्वारा स्कूल परिसर में बने चर्च में धर्मांतरण कराए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि स्कूल परिसर में चर्च संचालन की वैधानिक अनुमति थी या नहीं।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक कार्रवाई के तहत स्कूल संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सत्यता है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

 धर्मांतरण के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी जांच के अधीन है। पुलिस जांच के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post