डिंडोरी। जिले के ग्राम सोढ़ा में उस समय सनसनी फैल गई जब एक संदिग्ध बोरे से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे की जांच की तो उसमें एक युवक का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या के बाद शव को कई हिस्सों में काटकर बोरे में रखा गया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कोमल वर्मा 28 मई से लापता था और उसके परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम सोढ़ा के खार क्षेत्र में पड़े एक बोरे से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बोरे को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान बोरे के अंदर युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया होगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतक के संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों को भी एकत्र किया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और हत्या के समय को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
