तेज रफ्तार कार ने छीनी 20 वर्षीय युवक की जिंदगी: कुम्ही बाईपास पर दर्दनाक सड़क हादसा, चालक फरार



जबलपुर। जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर लापरवाह रफ्तार ने एक युवा की जिंदगी छीन ली। मझगवां थाना क्षेत्र के कुम्ही बाईपास पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय शिवम मार्को की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मझगवा बाजार जा रहा था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंदरकोला निवासी शिवम मार्को (20) शनिवार को अपने घर से बाइक पर सवार होकर मझगवा बाजार जा रहा था। जैसे ही वह कुम्ही बाईपास के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही मझगवां थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित कराया।

कार जब्त, चालक मौके से फरार

हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक परिवार का बुझ गया चिराग

शिवम की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी मातम का माहौल है और हर किसी की जुबान पर तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही को लेकर सवाल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post