रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बारिश के दौरान खेत में काम करना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ। गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के दूबी (गढ़वा) गांव में धान की बुवाई कर रही महिला पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
धान की बुवाई के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सुनीता पटेल के रूप में हुई है। शुक्रवार देर शाम वह अपने खेत में धान की बुवाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया। तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई और कुछ ही देर बाद आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से सुनीता पटेल गंभीर रूप से झुलस गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें संभलने या सुरक्षित स्थान तक पहुंचने का मौका भी नहीं मिला।
ग्रामीण पहुंचे, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर गोविंदगढ़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतका के परिवार को जल्द आर्थिक सहायता और राहत राशि देने की मांग की है।
