जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र स्थित खाई मोहल्ला में एक 22 वर्षीय महिला का शव घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब महिला का पति देर रात उसे खाना खाने के लिए बुलाने घर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसने खिड़की से झांककर देखा तो पत्नी फंदे पर लटकी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
खाना खाने बुलाने पहुंचा पति, सामने आया दर्दनाक मंजर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खाई मोहल्ला निवासी नकुल धुर्वे (23 वर्ष) अपनी पत्नी स्नेहा सोनकर (22 वर्ष) के साथ उमराव सिंह राठौर के किराए के मकान में रहता था। बताया गया है कि बीती रात करीब 12 बजे नकुल किसी काम से कुछ समय के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान स्नेहा ने कथित रूप से चुनरी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
करीब 12:40 बजे जब नकुल पत्नी को खाना खाने के लिए बुलाने घर लौटा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने खिड़की में लगा कूलर हटाकर अंदर देखा। सामने का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। स्नेहा फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।
चीख-पुकार सुनकर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
पत्नी को इस हालत में देखकर नकुल जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस एवं वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि महिला ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
