5 रुपये के विवाद में हैवानियत! आटा चक्की संचालक ने ग्राहक का कान दांतों से काटा, खून से लथपथ हालत में थाने पहुंचा पीड़ित

 


भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में महज 5 रुपये के लेनदेन को लेकर ऐसा विवाद हुआ, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। खैरियातोर मोड़ स्थित एक आटा चक्की पर पिसाई के पैसे को लेकर हुए झगड़े में चक्की संचालक ने ग्राहक के कान पर दांतों से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि पीड़ित के कान का एक हिस्सा कटकर अलग हो गया। घटना के बाद घायल युवक लहूलुहान हालत में सीधे थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

गेहूं पिसाने पहुंचे थे, विवाद में बदल गई बात

पुलिस के अनुसार मौरोली गांव निवासी धान सिंह भदौरिया ने खैरियातोर मोड़ स्थित पप्पू ओझा की आटा चक्की पर करीब साढ़े 37 किलो गेहूं पिसाने के लिए दिया था। शुक्रवार शाम जब वह अपना आटा लेने पहुंचे तो उन्हें लगभग 36 किलो आटा वापस मिला। इसी दौरान वजन में अंतर और पिसाई शुल्क को लेकर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई।

5 रुपये के लिए हुआ खूनी संघर्ष

पीड़ित धान सिंह भदौरिया का आरोप है कि चक्की संचालक पप्पू ओझा ने पिसाई के 45 रुपये मांगे, जबकि उन्होंने 40 रुपये दिए। मात्र 5 रुपये के अंतर को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर पप्पू ओझा ने धान सिंह को पकड़ लिया और उनके कान को दांतों से काट लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने कान को इतनी जोर से चबाया कि उसका निचला हिस्सा कटकर जमीन पर गिर गया।

बीच-बचाव नहीं होता तो बढ़ सकता था मामला

घटना के दौरान चक्की पर मौजूद लोगों ने जब यह भयावह दृश्य देखा तो तत्काल बीच-बचाव किया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दोनों को अलग किया और घायल धान सिंह को बचाया। गंभीर रूप से घायल युवक इसके बाद कटे हुए कान के साथ मेहगांव थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच

मेहगांव थाना प्रभारी महेश शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक का कान काटे जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post