जीआरपी के शिकंजे में आदतन लुटेरा, लूटी गई बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार



जबलपुर। शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने बाइक लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को सतना रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा गया। बरामद मोटरसाइकिल की कीमत करीब 1.10 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी के निर्देशन तथा कटनी रेल पुलिस उप अधीक्षक के मार्गदर्शन में जीआरपी चौकी सतना की टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, सतना के बगहा निवासी आकाश चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मालगोदाम कार्यालय के सामने एक अज्ञात युवक ने उन्हें डरा-धमकाकर उनकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (एमपी-19-जेडडी-4967) छीन ली और फरार हो गया। शिकायत के आधार पर जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लूटी गई बाइक के साथ रेलवे कॉलोनी के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मनीष मिश्रा (26) निवासी ग्राम चौधरी, थाना सिंहपुर, जिला सतना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जीआरपी अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में जीआरपी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश राज, प्रधान आरक्षक दयाचंद तिवारी, आरक्षक गौरव सिंह और प्रशांत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post