जबलपुर। पाटन थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुंअरपुर गांव से एक युवक को भारी मात्रा में देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने ही घर के पीछे बने बाड़े में शराब का जखीरा छिपाकर अवैध बिक्री की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने मौके से 794 पाव देशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 56 हजार रुपये बताई जा रही है।
पाटन थाना प्रभारी गोपिन्द्र सिंह ने बताया कि सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुंअरपुर निवासी संजय उर्फ संजू लड़िया अपने घर के पीछे गैरेज के पास बने खुले बाड़े में बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखे हुए है और उसे बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय उर्फ संजू लड़िया निवासी कुंअरपुर बताया।
इसके बाद पुलिस ने बाड़े की तलाशी ली। वहां पन्नी और चादरों से ढंककर रखे गए 16 कार्टून बरामद हुए। जब कार्टून खोले गए तो उनमें 794 पाव देशी शराब रखी मिली। पुलिस ने पूरी खेप जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी के अनुसार बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग 56 हजार रुपये है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शराब की खेप कहां से लाता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
