नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले के करेली स्थित अंबेडकर वार्ड में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर की दहलीज पर सो रहे साढ़े चार वर्षीय मासूम देवांश ठाकुर की सिर पर भारी डीजे साउंड बॉक्स गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, करेली निवासी अनिल कुमार का पुत्र देवांश ठाकुर बुखार से पीड़ित था। दवा देने के बाद परिजनों ने उसे घर की दहलीज में सुला दिया था। उसी स्थान के पास स्थानीय युवक अभिषेक के डीजे के भारी साउंड बॉक्स रखे हुए थे।
बताया गया है कि देर रात अभिषेक अपने साथियों राहुल लोधी, राजा रजक, नीलेश ठाकुर, संदीप कुशवाहा और एक अन्य युवक के साथ डीजे का सामान व्यवस्थित कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से एक भारी साउंड बॉक्स सीधे सो रहे देवांश के सिर पर गिर पड़ा।
हादसे में मासूम के सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। परिजन तत्काल उसे करेली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल नरसिंहपुर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान सोमवार दोपहर देवांश ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि डीजे का भारी सामान सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखा गया था या नहीं तथा हादसे में किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद अंबेडकर वार्ड में शोक की लहर है। मासूम की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
