कुंडलपुर से लौट रहे दंपति पर टूटी मौत बनकर पेड़ की डाल, मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत



जबलपुर। कुंडलपुर स्थित बड़े बाबा के दर्शन कर लौट रहे जबलपुर निवासी दंपति की दमोह जिले में हुए दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। सड़क किनारे खड़े एक सूखे पेड़ की भारी-भरकम डाल अचानक टूटकर उनकी बाइक पर आ गिरी। हादसा इतना भीषण था कि पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, जबलपुर के दीक्षितपुरा निवासी आशीष जैन (50) अपनी पत्नी शोभा जैन (45) के साथ सोमवार शाम कुंडलपुर में बड़े बाबा के दर्शन करने के बाद बाइक से तेजगढ़ स्थित रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत परासई गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक सूखे पेड़ की विशाल डाल अचानक टूटकर उनकी बाइक पर आ गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डाल इतनी भारी थी कि दोनों उसके नीचे दब गए और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही तेजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को हादसे की सूचना दी।

इस हृदयविदारक हादसे की खबर मिलते ही जबलपुर के दीक्षितपुरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post