चलती ट्रेन के एसी कोच से रहस्यमयी ढंग से लापता हुई महिला, चार बच्चों संग कर रही थी सफर, जीआरपी की जांच तेज

 


जबलपुर। अहमदाबाद से गोरखपुर जा रही 19489 एक्सप्रेस ट्रेन में सफर के दौरान एक विवाहित महिला के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो जाने से रेलवे पुलिस में हड़कंप मच गया है। महिला अपने पिता और चार बच्चों के साथ एसी कोच में यात्रा कर रही थी। अचानक सीट से गायब होने के बाद परिजनों ने पूरे कोच में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले की शिकायत कटनी जीआरपी में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद रेलवे पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

पिता के साथ कर रही थी यात्रा, अचानक सीट से हुई गायब

जानकारी के अनुसार अंजलि यादव अपने पिता अशोक यादव और चार बच्चों के साथ अहमदाबाद से गोरखपुर जा रही थी। यात्रा के दौरान जब पिता की नजर बेटी पर पड़ी तो वह अपनी सीट पर मौजूद नहीं थी। इसके बाद ट्रेन के विभिन्न कोचों में काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही कटनी जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

दमोह स्टेशन के आसपास मिली आखिरी लोकेशन

प्रारंभिक जांच में महिला की आखिरी लोकेशन दमोह रेलवे स्टेशन के आसपास ट्रेस हुई है। इसके बाद पुलिस ने मैहर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन वहां कोई अहम सुराग नहीं मिला। अब सागर, दमोह सहित अन्य रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। जीआरपी का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

दमोह जीआरपी को भेजी जाएगी केस डायरी

रेलवे पुलिस के अनुसार, महिला की अंतिम लोकेशन दमोह क्षेत्र में मिलने के कारण मामले की केस डायरी आगे की कार्रवाई के लिए दमोह जीआरपी को भेजी जाएगी। विभिन्न स्टेशनों पर तैनात जीआरपी की टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं और यात्रियों से पूछताछ भी की जा रही है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर सुरेंद्र सिंह कनेश ने बताया कि महिला के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला की तलाश के लिए जीआरपी की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फिलहाल महिला के अचानक लापता होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post