जबलपुर। शहर के व्यस्ततम सदर क्षेत्र में एक बार फिर झपटमारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना केंट अंतर्गत अब्दुल हमीद चौक के पास चलती ई-रिक्शा में अपने परिवार के साथ जा रही एक महिला से बाइक सवार बदमाश ने सोने का मंगलसूत्र और मोबाइल फोन झपट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केंट थाना पुलिस के अनुसार तुलसी मोहल्ला (वार्ड बाई का बगीचा) निवासी 30 वर्षीय अनुज कोरी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह ई-रिक्शा चालक है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह अपने ई-रिक्शा क्रमांक एमपी-20 एमजेड-3394 में पत्नी पूजा कोरी, साली मन्नू बेन और अपनी छोटी बच्ची को लेकर सदर स्थित मोदीवाड़ा क्षेत्र जा रहा था। परिवार एपीएन स्कूल के पास रहने वाली पूजा की बड़ी बहन गुड़िया साहू के घर जा रहा था।
बताया गया है कि ई-रिक्शा में सड़क की ओर बैठी पूजा कोरी अपनी बहन से घर का सही पता पूछने के लिए मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान जैसे ही ई-रिक्शा अब्दुल हमीद चौक के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने अचानक झपट्टा मारकर पूजा के गले से सोने का मंगलसूत्र और हाथ में रखा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया।
घटना इतनी तेजी से हुई कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते या शोर मचाते, उससे पहले ही आरोपी बाइक सहित एपीएन स्कूल और लोहार मोहल्ला की ओर भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही केंट थाना पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आरोपी के संभावित भागने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
लगातार सामने आ रही झपटमारी की घटनाओं ने सदर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने नागरिकों से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोबाइल फोन और कीमती आभूषणों के उपयोग के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
