जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र के डुमना स्थित महगवां गांव में 17 दिनों से लापता एक किशोर का शव जंगल में पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खाटू श्याम मंदिर के पीछे स्थित टेमरभीटा के जंगल में मिले शव की पहचान 17 वर्षीय नितिन बैगा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार महगवां, डुमना रोड निवासी राजकुमार बैगा का पुत्र नितिन बैगा बीते 9 जून से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था। परिजनों की शिकायत पर खमरिया थाने में अपराध क्रमांक 252/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत गुमशुदगी से संबंधित कार्रवाई करते हुए उसकी तलाश की जा रही थी।
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि महगवां स्थित खाटू श्याम मंदिर के पीछे टेमरभीटा के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, डुमना चौकी पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
जांच में सामने आया कि शव रस्सी के सहारे पेड़ से लटका हुआ था। लंबे समय तक जंगल में पड़े रहने और भीषण गर्मी के कारण शव अत्यधिक डीकंपोज हो चुका था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
सीएसपी रांझी सतीश कुमार साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
