जबलपुर में मां-बेटी ने मुख्यमंत्री को रोककर सुनाई दर्दभरी दास्तां, बदमाशों से सुरक्षा और न्याय की लगाई गुहार

 



जबलपुर। शहर में कथित बदमाशों की प्रताड़ना से परेशान एक मां और बेटी ने बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीधे न्याय की गुहार लगाई। रानी दुर्गावती बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जबलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री को रोककर दोनों ने अपनी पीड़ा सुनाई और सुरक्षा की मांग की।

गौरतलब है कि इससे पहले 16 जून 2026 को भी मां-बेटी ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर घुटनों के बल बैठकर प्रशासन से सुरक्षा की मांग की थी। उस समय उन्होंने आरोप लगाया था कि क्षेत्र के कुछ असामाजिक तत्व लगातार उन्हें परेशान कर रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मिली और न ही आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।

बुधवार को मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी व्यथा रखते हुए पीड़ित महिला ने कहा कि वह और उनकी बेटी लंबे समय से भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन को कई बार शिकायतें देने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें बार-बार न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से सुना और पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने मां-बेटी को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास बुलाया तथा मामले की विस्तृत जानकारी लेकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करने के उद्देश्य से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के इस कदम से परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post