जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र के बिलहरी इलाके में मंगलवार दोपहर उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक ने बीच सड़क पर अपनी पत्नी को बाल पकड़कर घसीटते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। करीब आधे घंटे तक सड़क पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही और किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर लगभग दो बजे एक युवक ऑटो का पीछा करते हुए बिलहरी क्षेत्र तक पहुंचा। यहां उसने ऑटो रुकवाया और उसमें बैठी महिला को नीचे उतारकर उससे बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच सड़क पर हो रही इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर महिला को बचाने का प्रयास किया।
बताया जाता है कि इसी दौरान एक युवक महिला की मदद के लिए आगे आया, लेकिन उसका भी आरोपी युवक से विवाद हो गया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान कई लोग घटना को मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड करते नजर आए।
अन्य युवक के साथ देखने पर भड़का पति
स्थानीय लोगों के बीच हुई चर्चाओं के अनुसार महिला किसी अन्य युवक के साथ ऑटो में सवार थी। इसकी जानकारी मिलने पर उसका पति ऑटो का पीछा करते हुए बिलहरी पहुंच गया। वहां पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर वह आपा खो बैठा और सार्वजनिक स्थान पर ही विवाद शुरू हो गया, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
पुलिस पहुंची, लेकिन नहीं मिली शिकायत
घटना की सूचना मिलने पर गोराबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पति-पत्नी वहां से जा चुके थे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी मिली थी और टीम मौके पर भेजी गई थी। हालांकि शिकायत नहीं मिलने के कारण कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है। यदि भविष्य में किसी पक्ष द्वारा शिकायत प्रस्तुत की जाती है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
