बरमान के जंगल में पेड़ से लटका मिला पत्रकार का शव, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई


नरसिंहपुर। जिले के बरमान क्षेत्र के जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सागर जिले के शाहगढ़ निवासी पत्रकार नितिन जैन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया। वहीं परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


पुलिस के अनुसार, बरमान के जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान मृतक के पास मिले आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान नितिन जैन के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।

परिजनों ने बताया कि नितिन जैन लंबे समय से शाहगढ़ में पत्रकारिता कर रहे थे। इससे पहले वे एक निजी विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनकी पत्नी डॉ. पूजा परमार वर्तमान में देवरी के स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर के पद पर पदस्थ हैं।

परिजनों के अनुसार, नितिन जैन दो दिन पहले किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बाद में उनके बरमान के जंगल में पेड़ से लटके होने की सूचना मिली।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि नितिन जैन ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। उनका कहना है कि मामला पूरी तरह संदिग्ध है और इसकी निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

उधर पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नितिन जैन बरमान कब और किन परिस्थितियों में पहुंचे थे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post