पैगम्बर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी से नाराज मुस्लिम महिलाओं का प्रदर्शन, गोहलपुर थाने में एफआईआर की मांग



जबलपुर। सोशल मीडिया पर पैगम्बर मोहम्मद साहब के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और सामग्री प्रसारित किए जाने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने सोमवार को गोहलपुर थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने लिखित शिकायत सौंपते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर प्रसारित एक पॉडकास्ट में पैगम्बर मोहम्मद साहब के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं तथा आपत्तिजनक दृश्य प्रस्तुत किए गए, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि यह सामग्री न्यूज वॉच इंडिया के सत्यापित इंस्टाग्राम अकाउंट और उसके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित हुई।

महिलाओं का आरोप है कि इस पॉडकास्ट में शामिल कथन और दृश्य समाज में धार्मिक वैमनस्य फैलाने तथा सामाजिक तनाव उत्पन्न करने वाले हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। शिकायत में नाजिया इलाही खान के अलावा संबंधित कार्यक्रम के एंकर, न्यूज वॉच इंडिया के मालिक, निर्माता, संपादक और प्रकाशक को भी नामजद करते हुए उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता रशीदा तबस्सुम ने आवेदन में उल्लेख किया है कि नाजिया इलाही खान पहले भी इस तरह की विवादित टिप्पणियों को लेकर चर्चा में रही हैं। उनका कहना है कि बार-बार इस प्रकार की सामग्री का प्रसारण सामाजिक सौहार्द और शांति के लिए गंभीर चुनौती है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि आवेदन और उपलब्ध डिजिटल सामग्री का परीक्षण किया जा रहा है। जांच के बाद तथ्यों एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post