सूने मकान पर चोरों का धावा, ताले तोड़कर नकदी-जेवर की तलाश; CCTV में कैद हुए दो संदिग्ध

 



जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र की न्यू पीपी कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान मालकिन अपनी बेटी के पास जम्मू गई हुई थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी में रखी तिजोरी तक तोड़ डाली। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

ग्वारीघाट पुलिस के अनुसार, कमला नेहरू नगर निवासी प्राची वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी मां प्रगति श्रीवास्तव न्यू पीपी कॉलोनी स्थित एमआईजी मकान में अकेली रहती हैं। वह 19 मार्च को अपनी छोटी बेटी के पास जम्मू गई हुई हैं। रविवार शाम करीब 5:30 बजे प्रगति श्रीवास्तव ने फोन कर बड़ी बेटी प्राची को घर जाकर देखने के लिए कहा, क्योंकि उन्हें घर के ताले टूटने की आशंका हुई थी।

प्राची जब मौके पर पहुंचीं तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। नीचे रहने वाले किरायेदार सुजीत कुमार के कमरे का ताला भी टूटा हुआ था। घर के अंदर पहुंचने पर सभी कमरों के ताले टूटे मिले और मास्टर बेडरूम का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखी तिजोरी को बाहर निकालकर तोड़ दिया गया था। तिजोरी में रखे चांदी के छोटे-छोटे बर्तन चोरी हो चुके थे।

CCTV में दिखे दो संदिग्ध युवक

घटना की सबसे अहम कड़ी घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बने हैं। प्रगति श्रीवास्तव ने कैमरों की रिकॉर्डिंग अपनी बड़ी बेटी को भेजी, जिसमें दो अज्ञात युवक मकान के भीतर प्रवेश करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान शुरू कर दी है।

गृहस्वामिनी के लौटने पर होगा नुकसान का पूरा खुलासा

पुलिस का कहना है कि मकान मालकिन फिलहाल जम्मू में हैं। उनके वापस लौटने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घर से कुल कितना और क्या-क्या सामान चोरी हुआ है। फिलहाल ग्वारीघाट थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post