जबलपुर एयरपोर्ट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा: दिल्ली से आई फ्लाइट के यात्रियों में हाथापाई, पुलिस ने दर्ज की FIR



जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह दिल्ली से जबलपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट (6ई-6038) के दो यात्रियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद सामान उतारने के दौरान हुई कहासुनी से शुरू हुआ और देखते ही देखते धक्का-मुक्की व हाथापाई में बदल गया।


घटना के बाद एयरपोर्ट लाउंज में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर एयरपोर्ट प्रबंधन, सीआईएसएफ और एयरलाइन कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया। मामले में खमरिया थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता और मूल रूप से कोलकाता निवासी सुहान मुखर्जी अपने तीन वर्षीय बेटे और केयरटेकर के साथ दिल्ली से जबलपुर पहुंचे थे। यहां से उन्हें बांधवगढ़ जाना था। उसी फ्लाइट से दिल्ली निवासी योगेश बंसल भी जबलपुर पहुंचे थे और उनका गंतव्य भी बांधवगढ़ था।

बैगेज बेल्ट पर सामान लेते समय योगेश बंसल का धक्का सुहान मुखर्जी को लग गया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर योगेश बंसल ने अधिवक्ता के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना के दौरान अधिवक्ता का तीन वर्षीय बेटा भी उनके साथ मौजूद था, जिससे वहां मौजूद अन्य यात्री भी घबरा गए।


अधिकारियों ने दोनों पक्षों से लिखित शिकायत ली

घटना के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने दोनों पक्षों से लिखित शिकायत ली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। अधिवक्ता सुहान मुखर्जी ने खमरिया थाने में योगेश बंसल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं, योगेश बंसल एयरपोर्ट से सीधे बांधवगढ़ के लिए रवाना हो गया।

मामला दर्ज कर लिया गया है

खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। एयरपोर्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, एयरलाइन कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post