जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गुरुद्वारा के सामने की है, जहां दो युवकों ने पहले विवाद किया और फिर मारपीट के दौरान चाकू से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार केंट क्षेत्र के बगीचा नंबर-55, पासी मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय आदित्य स्वामी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आदित्य तैयब अली पेट्रोल पंप के पास स्थित एक कपड़े की दुकान में कार्य करता है। उसने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे वह गोरखपुर गुरुद्वारा के सामने कपड़े डाई कराने गया था।
इसी दौरान वहां उसकी मुलाकात साहिल ठाकुर से हुई, जिसने पुराने विवाद को लेकर उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में साहिल का साथी प्रतीक भी मौके पर पहुंच गया। दोनों ने मिलकर आदित्य के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर साहिल ठाकुर ने अपने पास रखे चाकू से आदित्य पर हमला कर दिया। चाकू का वार आदित्य की बाईं जांघ में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर गोरखपुर पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर आरोपी साहिल ठाकुर एवं प्रतीक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
