जबलपुर एसपी जनसुनवाई में पहुंचीं 75 शिकायतें, पारिवारिक विवाद और साइबर अपराध के मामले रहे प्रमुख



जबलपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को 75 शिकायतें प्राप्त हुईं। विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने पारिवारिक विवाद, पति-पत्नी के मतभेद, जमीन संबंधी मामलों, मारपीट तथा साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं।

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के समक्ष प्रस्तुत सभी आवेदनों को त्वरित कार्रवाई एवं निराकरण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि पुलिस जनसुनवाई में लगातार बढ़ रही शिकायतों की संख्या यह संकेत देती है कि बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय का रुख कर रहे हैं। जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं के आवेदन प्राप्त कर उन्हें संबंधित थानों और अधिकारियों को अग्रेषित किया जाता है, जिसके बाद मामले की जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होती है।

मंगलवार की जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयनक मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post