जबलपुर। बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपनी मांगों को लेकर अचानक एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर की ऊंचाई पर चढ़ा देख आसपास के लोगों के होश उड़ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला से लगातार बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। काफी देर तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और प्रशासन द्वारा समझाइश व आश्वासन दिए जाने के बाद महिला आखिरकार टावर से नीचे उतर आई, जिससे अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार महिला की पहचान सोनम मल्लाह, पति किशन मल्लाह, के रूप में हुई है। सोनम मल्लाह का आरोप है कि उसके बड़े पिता के पुत्र संतोष मल्लाह और गोपाल मल्लाह ने स्थानीय व्यवसायी किशन जनवानी के साथ मिलकर उसकी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। इसी विवाद को लेकर वह न्याय की मांग कर रही थी।
वहीं मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि संबंधित महिला की मनसकरा क्षेत्र में जमीन है, जिसकी रजिस्ट्री वह पहले ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर चुकी है। अब महिला चाहती है कि उक्त जमीन उसे वापस मिल जाए और उस पर कोई कब्जा न करे। एएसपी के अनुसार यह मांग वैधानिक रूप से संभव नहीं है। इसी बात से नाराज होकर महिला दबाव बनाने के उद्देश्य से मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी।
पुलिस ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
