मंडला। मंडला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजराजेश्वरी वार्ड में सोमवार दोपहर नर्मदा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नदी में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। एसडीईआरएफ के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नदी में कैसे पहुंचा। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं अज्ञात शव मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
