शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली ने दो जिंदगियां छीन लीं। महुआ बीनने जंगल गई एक महिला और उसकी आठ वर्षीय भतीजी की बिजली गिरने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
महुआ बीनने गई थीं तीन महिलाएं
पुलिस के अनुसार पपौंध थाना क्षेत्र के ओदारी गांव निवासी 50 वर्षीय इट्टो बाई गोंड अपनी आठ वर्षीय भतीजी सफीना सिंह और एक अन्य महिला के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर महुआ बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों महिलाएं बारिश से बचने का प्रयास कर रही थीं, तभी अचानक पेड़ के समीप आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से इट्टो बाई और मासूम सफीना की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
एक महिला गंभीर रूप से घायल
हादसे में तीसरी महिला को भी बिजली का तेज झटका लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार की महिला और मासूम बच्ची की मौत की खबर से ओदारी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मौसम अचानक खराब हुआ और किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रदेश के 38 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के 38 जिलों में गरज-चमक, तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, पांढुर्णा, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने विदिशा, राजगढ़, गुना और रायसेन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं सीहोर और आगर-मालवा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
25 जून के आसपास प्रदेश में दस्तक दे सकता है मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल तेलंगाना के आसपास सक्रिय है और अभी मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश नहीं कर पाया है। यदि अगले दो से तीन दिनों में इसकी गति बढ़ती है तो मानसून 25 जून के आसपास प्रदेश में दस्तक दे सकता है। इस बार मानसून के सामान्य तिथि से लगभग 8 से 10 दिन देरी से आने की संभावना जताई जा रही है।
