नगर निगम में पदोन्नति प्रक्रिया तेज करने की मांग, AJAKS प्रतिनिधिमंडल ने महापौर और आयुक्त से की मुलाकात

 



जबलपुर। नगर निगम जबलपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी मुद्दे को लेकर अजाक्स (AJAKS) संघ के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू', निगम अध्यक्ष रिंकू विज, निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार, अपर आयुक्त अशफाक परवेज तथा पदोन्नति समिति के सदस्यों से मुलाकात कर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान संगठन ने शासन द्वारा जारी पदोन्नति नियमों, रोस्टर व्यवस्था और पूर्ण पारदर्शिता के आधार पर नगर निगम के सभी पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के पदोन्नति का लाभ दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

आयुक्त ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा

निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को गति देने के लिए आवश्यक विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमानुसार पदोन्नति का लाभ दिलाने के लिए प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

'पदोन्नति कर्मचारियों का वैधानिक अधिकार'

अजाक्स संघ के अध्यक्ष अमित मेहरा ने कहा कि पदोन्नति प्रत्येक कर्मचारी का वैधानिक और सेवा हित से जुड़ा महत्वपूर्ण अधिकार है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि शासन के निर्देशों और रोस्टर नियमों का पूर्ण पालन करते हुए सभी लंबित पदोन्नतियां शीघ्र पूरी की जाएं, ताकि कर्मचारियों का मनोबल बढ़े और प्रशासनिक कार्यों में अधिक दक्षता आए।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रतिनिधिमंडल में संगठन अध्यक्ष अमित मेहरा, अक्षय कोरी, रामा राव मगरदे, गुलशन जबलपुर, कोयरी नायडू, अब्दुल सत्तार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हित में पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग दोहराई।

Post a Comment

Previous Post Next Post