जबलपुर। जिले में सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने दो शासकीय विद्यालयों को सांदीपनि विद्यालयों के रिक्त भवनों में स्थानांतरित कर संचालित किए जाने के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों और जिला मॉनिटरिंग समिति की अनुशंसा के बाद लिया गया है।
इन स्कूलों को किया जाएगा स्थानांतरित
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिंगौद के रिक्त भवन में शासकीय हाईस्कूल वरिष्ठ बुनियादी पनागर (कक्षा 6वीं से 10वीं) का संचालन किया जाएगा।
इसी तरह सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पाटन के खाली भवन में पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सकरा को स्थानांतरित किया जाएगा।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगे आदेश
जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। जिला प्रशासन ने संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरण की प्रक्रिया बिना किसी विलंब के पूरी की जाए।
विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक वातावरण
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य रिक्त पड़े सरकारी भवनों का बेहतर उपयोग करना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नए भवनों में स्थानांतरण के बाद छात्रों को बेहतर अधोसंरचना, पर्याप्त कक्षाएं, सुरक्षित परिसर और अधिक अनुकूल शिक्षण वातावरण का लाभ मिलेगा।
समयबद्ध तरीके से पूरी होगी प्रक्रिया
कलेक्टर कार्यालय ने आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय, जबलपुर संभाग के संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और दोनों विद्यालयों के प्राचार्यों को भेज दी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी स्थानांतरण प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
