खेत में मवेशी घुसने के विवाद ने ली जान: कांच की शीशी से हमला कर किसान की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 


जबलपुर/सिवनी। बरगी थाना क्षेत्र से लगे घुंसौर गांव में खेत में मवेशी घुसने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने किसान पर कांच की टूटी शीशी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुद्धूलाल उइके अपने साथी अशोक मरावी के साथ कोहका टोला गए थे। इसी दौरान खेत में मवेशी घुसने की बात को लेकर राजकुमार उर्फ पुच्ची से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पहले बुद्धूलाल के साथ मारपीट कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया।

इसके बाद आरोपी ने कांच की शीशी फोड़कर उसके नुकीले हिस्से से बुद्धूलाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके पेट और कमर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे काफी खून बह गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

घटना होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायल बुद्धूलाल को किसी तरह घर ले गए। बाद में परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गांव में फैली सनसनी, आरोपी गिरफ्तार

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार उर्फ पुच्ची की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। इस घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post