जबलपुर। शहर के प्रतिष्ठित क्राइस्ट चर्च स्कूल में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल परिसर के खेल मैदान में खेल रहे कक्षा 7वीं के एक छात्र को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने बिना देर किए छात्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 12 वर्षीय अमजद खान रोज़ की तरह स्कूल गया था। दोपहर के समय वह अन्य छात्रों के साथ ग्राउंड में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसे पैर में तेज दर्द महसूस हुआ और वह कराहने लगा। मौके पर मौजूद शिक्षकों और स्कूल स्टाफ ने तुरंत उसे संभाला और प्राथमिक जांच के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि छात्र के पैर पर सांप के दांतों के स्पष्ट निशान मिले हैं। हालांकि शुरुआत में न तो अधिक ब्लीडिंग हुई थी और न ही सूजन दिखाई दी, लेकिन ब्लड कोगुलेशन (खून जमने की क्षमता) की जांच में रिपोर्ट सामान्य नहीं मिली। इसे देखते हुए डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए एंटी-स्नेक वेनम सहित आवश्यक उपचार शुरू कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार छह घंटे बाद दोबारा की गई जांच में छात्र की स्थिति पहले से बेहतर पाई गई। फिलहाल उसकी हालत पूरी तरह स्थिर (स्टेबल) है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद स्कूल परिसर में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। अभिभावकों ने स्कूल परिसर और खेल मैदान की नियमित साफ-सफाई तथा सांप जैसे विषैले जीवों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
