जबलपुर में बीच सड़क फोटोग्राफर पर जानलेवा हमला, गर्दन पर चाकू से वार की कोशिश, आरोपी फरार

 


जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक फोटोग्राफर पर पुरानी रंजिश को लेकर बीच सड़क जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले बाइक अड़ाकर पीड़ित को रोका और फिर गाली-गलौज करते हुए गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए हाथ से वार रोकने की कोशिश की, जिससे चाकू गर्दन की बजाय कान पर लगा। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घमापुर थाना क्षेत्र के न्यू कछियाना निवासी 40 वर्षीय सुनील गोटिया, जो पेशे से फोटोग्राफर हैं, बुधवार रात अपने साथी मनीष नामदेव के साथ बाइक से पचपेढ़ी सिविल लाइंस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डीबी क्लब के पास शिवा उर्फ विजय रघुवंशी ने अपनी बाइक उनके सामने लगाकर उन्हें रोक लिया।

पुरानी रंजिश और शराब के पैसों को लेकर विवाद

बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और शराब के लिए पैसे नहीं देने की बात को लेकर आरोपी ने सुनील से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते गाली-गलौज मारपीट में बदल गई और आरोपी ने चाकू निकालकर सीधे उनकी गर्दन पर वार कर दिया।

सुनील ने अपनी जान बचाने के लिए हाथ से चाकू रोकने का प्रयास किया। इससे वार गर्दन की बजाय उनके कान पर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हाथापाई के दौरान वे सड़क पर गिर पड़े और उनकी कोहनी में भी गंभीर चोट आई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

घायल सुनील गोटिया ने अपने साथी की मदद से घमापुर थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने बेहद आक्रामक तरीके से हमला किया था और यदि उन्होंने बचाव नहीं किया होता तो घटना जानलेवा साबित हो सकती थी। फिलहाल उनके सिर, कान और हाथ की चोटों का उपचार जारी है।

बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

घटना की शिकायत पर घमापुर थाना पुलिस ने आरोपी शिवा उर्फ विजय रघुवंशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(ए), 118(1), 109(1) और 126(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने विश्वास जताया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post