नगर निगम कार्यालय के सामने हुई वारदात, एक हजार रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर जानलेवा हमला
जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर एक फुल्की (पानीपूरी) विक्रेता पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले एक हजार रुपये की जबरन मांग की और विरोध करने पर युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित की दोनों जांघों में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, इंद्रानगर गली नंबर-2 निवासी शुभम गुप्ता (27) नगर निगम कार्यालय के सामने फुल्की का ठेला लगाता है। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने ठेले पर ग्राहकों को फुल्की खिला रहा था। इसी दौरान सेठीनगर निवासी केशु वहां पहुंचा और शुभम से जबरन एक हजार रुपये की मांग करने लगा।
शुभम द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी आगबबूला हो गया। उसने पहले गाली-गलौज की और फिर अपने पास रखे चाकू से शुभम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार से शुभम की दोनों जांघें लहूलुहान हो गईं। आसपास मौजूद लोगों के एकत्र होने पर आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन जाते-जाते पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दे गया।
घायल शुभम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने आरोपी केशु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 119(1) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
